कश्मीर : 24 घंटों के दौरान कश्मीर के विभिन्न इलाकों में हुए हिमस्खलन से 4 जवानों सहित 9 लोगो की मौत हो गयी।

अबतक खबर संवाददाता : १४ जनवरी : उत्तरी कश्मीर में रविवार से हो रहे भारी बर्फबारी के कारण सोमवार को कई जगहों पर हिमस्खलन (एवलांच) हुआ। कुपवाड़ा में नियंत्रण रेखा से सटे मच्छल सेक्टर में सीमा की सुरक्षा में तैनात कई जवान हिमस्खलन की चपेट में आ गए। जब तक बचाव दल वहां पहुंची तब तक चार जवान शहीद हो चुके थे। अभी भी सेना के पांच जवान यहां फंसे हुए हैं।

सेना ने वायु सेना की मदद से हिमस्खलन प्रभावित इलाकों में अपनी टीमें भेज रखी हैं। लापता जवानों व लोगों की तलाश की जा रही है। इससे पहले सोमवार सुबह उत्तरी कश्मीर के बारामूला जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल गुलमर्ग में हिमस्खलन की चपेट में आने से सेना का एक जवान लापता हो गया। लापता जवान की पहचान हवलदार राजेंद्र सिंह नेगी के तौर पर हुई। उसकी तलाश के लिए बचाव अभियान चलाया हुआ है।

उधर, मध्य कश्मीर के गांदरबल जिले में हिमस्खलन की चपेट में आने से 5 लोगों की मौत हो गई। इनमें एक पिता और उसके दो बेटे शामिल हैं। बर्फ का पहाड़ खिसकने से नीलम घाटी में स्थित कई मकान ध्वस्त हो गए। बर्फ में दबने से 18 लोगों की मौत जबकि 21 के करीब लोग घायल हो गए।